Budaun News: गंदगी मिलने पर सफाई नायकों और निरीक्षकों से जवाब-तलब
तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। निकाय चुनाव होने के बाद जनता को उम्मीद थी कि कम से कम गंदगी की समस्या से तो निजात मिलेगी, लेकिन ऐसा कहीं नजर नहीं आ रहा है। सफाई कर्मचारियों की मनमानी जनता पर भारी पड़ रही है। शहर में कई जगह गंदगी की शिकायत जब पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा को मिली तो उन्होंने सभी सफाई नायकों और सफाई निरीक्षकों का जवाब-तलब करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
शहर में गंदगी की समस्या सालों से जनता झेलती आ रही है। निवर्तमान नगर पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल के कार्यकाल में गंदगी का मुद्दा ही छाया रहा था और संभवत: यही उनकी हार का कारण बना। जब फात्मा रजा इस बार पालिकाध्यक्ष बनीं तो लोगों को उम्मीद थी कि अब कम से कम सफाई तो सही रहेगी, लेकिन ऐसा हो न सका।
अब भी कई जगहों पर कूड़ा नहीं उठाया जा रहा तो कहीं-कहीं तो कई कई दिनों तक कूड़ा पड़ा रहता है। ऐसे में लोगों को बारिश के मौसम में और नरक भुगतना पड़ रहा है। जब इसकी शिकायत उन तक पहुंची तो पालिकाध्यक्ष ने सभी सफाई नायक व सफाई निरीक्षकों को लिखित आदेश जारी करते हुए कहा कि सफाई कार्य ठीक न होने से जनता को परेशानी हो रही है। ऐसा क्यों हो रहा है, इसका तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण दें।
उन्होंने चेतावनी ही है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने ईओ से भी कहा है कि शहर में जगह जगह होने वाले जलभराव के मद्देनजर नालों की सफाई कराना सुनिश्चित करें साथ ही सभी सफाई नायकों व सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी हल निकालें।



