Shahjahanpur News: सड़क हादसे में चालक समेत छह लोग घायल
खुटार। पूरनपुर स्टेट हाइवे पर मंगलवार को सड़क हादसे में कार चालक सहित छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया है।
लखीमपुर खीरी जिले के कस्बा तिकुनिया निवासी रामप्रताप, दिनेश कुमार, कस्बा निघासन निवासी कौशल कुमार, गांव रकहेटी निवासी अनिल कुमार और गांव बरसोला थाना तिकुनिया निवासी दीपक कुमार एवं शिवम कार से पूरनपुर गये थे। वापस घर जाते समय खुटार-पूरनपुर मार्ग पर कार आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। जिससे कार में सवार सभी लोग घायल हो गये। हादसा होते ही वहां चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचीं और घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। संवाद

