Shahjahanpur News: श्रावण मास के पहले दिन मंदिरों में उमड़े भक्त

विश्वनाथ मन्दिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु।संवाद
शाहजहांपुर। सावन की शुरुआत मंगलवार से हो गई। पहले दिन महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्त शिवालयों में पहुंचे। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा का दौर भी शुरू हो गया। बड़ी संख्या में लोग गोला गोकर्णनाथ व हरिद्वार गए।
जिले में हर-हर महादेव के जयकारों के साथ सावन माह के पहले दिन मंगलवार को बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा वनखंडी नाथ मंदिर, चौकसी नाथ मंदिर समेत समस्त शिवालयों में शिव भक्तों ने महादेव का पूजन और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। सुबह में शिवजी की आरती के बाद से ही मंदिरों में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई।
मंदिरों में शिवजी को भक्तों ने धूप, दीप, फल, फूल, पुष्प, बेलपत्र, भांग व धतूरा इत्यादि अर्पित किया। पैना गांव स्थित बाबा त्रिलोकी नाथ मंदिर पर सावन के पहले दिन खूब भीड़ उमड़ी। शहर के साथ ही आसपास के गांवों से भी शिवभक्त मंदिर पहुंचे और महादेव का दर्शन व पूजन किया। शिवलिंग पर जल, दूध, दही आदि से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। मंदिर में भंडारा हुआ, जिसमें शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मंदिर में पूरे सावन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। दूर-दूर से भक्त यहां पर दर्शन व पूजन के लिए आते हैं। इसी तरह से ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में लोग शिवजी का अभिषेक करने पहुंचे।
मंदिरों में होंगे रुद्राभिषेक व महामृत्युंजय मंत्र जाप
श्रावण मास में शिव भक्त मंदिरों में पहुंचकर शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। इसके साथ ही रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र का जाप आदि अनुष्ठान भी होंगे। श्रावण मास को लेकर शिव मंदिरों को फूलों और बिजली की झालरों से सजाया गया।