Rampur News: समिति सभापति के होटल मैनेजर बेटे का लंदन में हृदय गति रुकने से निधन
रामपुर। बिलासपुर किसान सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन जसविंदर पाल सिंह चौहान के होटल मैनेजर बेटे लवजीत सिंह (28) की बुधवार रात करीब 10 बजे लंदन में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। होटल मैनेजर की मौत होने से परिवार के लोग सदमे में हैं। लंदन से उनके शव को गांव लाने की तैयारी की जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोविंदपुरा निवासी भाजपा नेता जसविंदर पाल सिंह चौहान नगर की किसान सेवा सहकारी समिति में चेयरमैन हैं। चेयरमैन के अनुसार उनका बेटा लवजीत सिंह लंदन के होटल में बीते दो साल से मैनेजर के पद पर कार्यरत था। बुधवार रात करीब 10 बजे लवजीत आवास पर थे। अचानक उनके सीने में दर्द उठा तो लवजीत के साथ रहने वाले लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लवजीत के शव को लंदन के पुलिस प्रशासन ने अपने कब्जे में कर लिया।
लवजीत के परिचितों में मामले की सूचना फोन के जरिए परिजनों को दी। तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह विर्क आदि लोग शोक जताने के लिए समिति सभापति के घर पहुंचे। चेयरमैन ने बताया कि उनकी एक बेटी न्यूजीलैंड में है और लवजीत लंदन में था। उन्होंने बताया कि लंदन में रह रहे उनके संबंधी व रिश्तेदार लवजीत के शव को लंदन से गांव लाने के लिए लंदन के भारतीय दूतावास में अभिलेख तैयार करने में जुटे हुए हैं। अभिलेख पूर्ण होने के पश्चात लवजीत के शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।