Rampur News: कांवड़ यात्रा के लिए एक दिन पहले ही रूट का डायवर्जन लागू
रामपुर। कांवड़ यात्रा को देखते हुए हाईवे पर रूट का डायवर्जन एक दिन पहले ही बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से लागू कर दिया गया। यह निर्णय शासन से आए आदेशों के पालन पर लिया गया। सोमवार रात आठ बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान रोडवेज बसें, कार, बाइक और अन्य हल्के वाहन हाईवे की एक लेन से गुजर रहे हैं। दूसरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दी गई है। वहीं ट्रक, डंपर, लोडर वाहन और डीसीएम आदि को बदले मार्ग से गुजारा जा रहा है।
10 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है। इससे पहले कांवड़िये कांवड़ लेने के लिए ब्रजघाट, हरिद्वार समेत विभिन्न गंगा घाटों पर जाते हैं। इसके लिए ही मुरादाबाद-बरेली हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। पहले शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे तक रूट डायवर्जन तय हुआ था। कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए डायवर्जन एक दिन पहले कर दिया।
बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे ही हाईवे पर रूट का डायवर्जन हो गया। रामपुर से बरेली जाने वाले भारी वाहन ट्रक, लोडर आदि शाहबाद से आंवला होकर निकाले गए। वहीं मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से बिलारी होकर गुजारा गया, जबकि रोडवेज बसें, कार, बाइक सहित अन्य छोटे वाहनों को हाईवे पर एक लेन से गुजारा गया। ट्रैफिक प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि रूट डायवर्जन सोमवार रात आठ बजे तक लागू रहेगा। कांवड़ यात्रा मार्गों पर ट्रक, लोडर व अन्य ओवरलोडिंग वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
इन रास्तों से जाएंगे ट्रक, लोडर आदि भारी वाहन
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला होते हुए दिल्ली जा रहे हैं।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली को जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजे जा रहे हैं।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाइपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाइपास पुल की साइड से शाहबाद रोड होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है।
-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर को आने वाले वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर से गुजारा जा रहा है।
-हल्द्वानी-रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहनों को बिलासपुर गेट से गुजारा जा रहा है। इसी तरह रामपुर से जाने वाले वाहनों को इसी रूट से भेजा जा रहा है।