Rampur News: बारिश का कहर, हाईवे की सड़क कटी, कई जगह गिरे घर, चार लोग हुए घायल

रामपुर मुरादाबाद हाईवे पर बारिश के दौरान सड़क धंसने के बाद लगा बैरियर पर तैनात टीआई। संवाद
रामपुर। बुधवार रात एक बजे से बृहस्पतिवार शाम चार बजे तक हुई बारिश जिलेभर के लोगों के लिए आफत बन गई। बारिश से जहां रामपुर-मुरादाबाद हाईवे पर सड़क कटने यातायात बाधित हुआ। वहीं शहर में एक मकान गिरा, जबकि शाहबाद में मस्जिद की दीवार और सैदनगर में मकान की दीवार गिर गई, जिसमें दो महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए। वहीं स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए। रजा डिग्री कॉलेज में परीक्षा देने आई छात्रा गड्ढे में डूबते-डूबते बची। रामपुर शहर में गांधी समाधि के पास एक पेड़ गिर गया। गनीमत यह रही कि इस पेड़ के आसपास कोई नहीं था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। सुबह करीब नौ बजे गिरे पेड़ के चलते चार घंटे जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद इस पेड़ को प्रशासन के अधिकारियों ने हटवाया। वहीं मोहल्ला खुर्मे की ज्यारत में शब्बीर का मकान गिर गया। हालांकि, जिस समय छत गिरी कोई नीचे नहीं था। शहर के राजकीय रजा डिग्री कॉलेज में एक छात्रा बीए के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देने आई थी। कॉलेज में गड्ढे में बारिश का पानी भरा होने की वजह से वह डूब गई। गनीमत रही कि अन्य छात्रों की मदद से उसको बचा लिया गया। शहर के राजकीय खुर्शीद इंटर कॉलेज में डीएलएड की परीक्षाएं चल रही हैं। छात्र भीगते हुए परीक्षाएं देने पहुंचे। तमाश स्कूलों में पानी भर गया, जिससे बच्चों की उपस्थित काफी कम रही।
भरभरा कर गिरी मस्जिद की दीवार
शाहबाद। मूसलाधार बाश के कारण शाहबाद के मोहल्ला अफगानान स्थित परिजादों वाली मस्जिद की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। यह तो गनीमत रही कि दीवार के गिरते समय कोई नही था। लगातार हो रही बारिश के कारण पशु पक्षियों को परेशानी हुई। पशु पक्षी भी बारिश से भीगने से बचने के लिए छत ढूंढते रहे।
सैदनगर। अजीमनगर थाना क्षेत्र के बगड़का गांव निवासी दो भाई अनीस और भूरा अपने साथ रहते है। बृहस्पतिवार को सुबह तेज बारिश के कारण मिट्टी के मकान की छत ढह गई। इससे अनीस की पत्नी परवीन और भूरा की पत्नी सबीना और परवीन के दो बच्चे गुड्डू और नन्हें घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज कराया गया। सूचना मिलने पर कानूनगो जहील अहमद और लेखपाल अजय पाल ने गांव पहुंचकर घायलों का हाल जाना। साथ ही मुआवजे का आश्वासन दिया।
बारिश अधिक होने से विद्यालयों में पानी भर गया। विद्यालय समय पर खुलकर बंद हुए हैं। हालांकि, बच्चों की उपस्थिति कम रही। सभी शिक्षकाें को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

रामपुर मुरादाबाद हाईवे पर बारिश के दौरान सड़क धंसने के बाद लगा बैरियर पर तैनात टीआई। संवाद

रामपुर मुरादाबाद हाईवे पर बारिश के दौरान सड़क धंसने के बाद लगा बैरियर पर तैनात टीआई। संवाद