Shahjahanpur News: शौचालय के टैंक में गिरकर छह साल के बच्चे की मौत
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव में मोनू के छह साल के पुत्र रोहित की शौचालय के टैंक में गिरकर डूबने से मौत हो गई। पीड़ित पिता ने निर्माणाधीन मकान के मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे रोहित बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते हुए वह बच्चों के साथ सुभाष के निर्माणाधीन मकान के पास पहुंच गया। वहां शौचालय के लिए खोदे गए टैंक में गिर गया। पानी भरा होने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। रोहित के साथ खेल रहे बच्चों ने उसके घर पर जाकर सूचना दी। परिजनों ने उसे निकाला और अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोहित की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोनू ने सुभाष के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।