Bareilly News: 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने वाला एलायंस बिल्डर्स का पार्टनर सर्वजीत गिरफ्तार

रंगदारी मांगने का आरोपी सर्वजीत उर्फ बिट्टू बख्शी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में ट्यूलिप टावर के मालिक और एलायंस बिल्डर्स के पार्टनर सर्वजीत उर्फ बिट्टू बख्शी को भोजीपुरा थाना पुलिस ने जेल भेजा है। उसके खिलाफ 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। नवाबगंज थाने के एसएसआई इस मामले की विवेचना कर रहे थे।
इज्जतनगर के नगरिया परिक्षित निवासी खुर्शीद खान ने एडीजी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि वह अपनी जमीन पर काम करा रहे थे। इस बीच एलायंस बिल्डर्स के पार्टनर सर्वजीत बख्शी अपने साथियों के साथ वहां आए और मारपीट करने लगे। आरोप है सर्वजीत और उनके साथियों ने तमंचा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
एडीजी के आदेश पर भोजीपुरा थाने में फर्जी कागजात तैयार करने और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में मुकदमे की विवेचना नवाबगंज थाने स्थानांतरण कर दी गई। वहां के एसएसआई शिवबरन सिंह विवेचना कर रहे थे। बुधवार को एसएसआई शिवबरन सिंह ने आरोपी सर्वजीत बख्शी को गिरफ्तार कर लिया।



