Shahjahanpur News: पीएचसी में गैर हाजिर मिले दो मेडिकल अफसरों का वेतन रोकने के निर्देश

शहर की पीएचसी का निरीक्षण करते डीएम उमेश प्रताप सिंह। संवाद
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोधीपुर एवं सरायकाइयां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों के टीकाकरण का निरीक्षण किया। इस दौरान दो मेडिकल ऑफिसर अनुपस्थित मिलने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सफाई व्यवस्था में खामी मिलने पर अधिकारियों का जवाब-तलब किया गया है।
शासन के निर्देशानुसार, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मंगलवार से रविवार तक टीकाकरण किया जाना है। डीएम ने शुक्रवार को पीएचसी लोधीपुर और पीएचसी सरायकाइयां में टीकाकरण का जायजा लिया। कम संख्या में वैक्सीनेशन होने पर डीएम ने लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा द्वारा डोर-टू-डोर संपर्क कर महिलाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाए।
पीएचसी लोधीपुर में मेडिकल ऑफिसर डाॅ. आलोक कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डीएम ने मेडिकल ऑफिसर का वेतन रोकने और अन्य अनुपस्थित कर्मचारियों का भी जवाब तलब करने के निर्देश सीएमओ को दिए। उन्होंने कार्रवाई के बाद एटीआर पेश करने के लिए कहा। पीएचसी सरायकाइयां में भी मेडिकल ऑफिसर डाॅ. आदित्य गुप्ता अनुपस्थित मिले। वैक्सीनेशन की प्रगति भी ठीक नहीं मिली।
उन्होंने मेडिकल ऑफिसर का वेतन रोकने के लिए निर्देशित किया। दो महीने से लगातार अनुपस्थित चल रही एक आशा वर्कर की सेवा समाप्त करने के निर्देश डीएम ने सीएमओ को दिए। डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान अंतर्गत साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। लोधीपुर में साफ सफाई व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज मिश्रा, जोनल अधिकारी रश्मि भारती एवं सफाई निरीक्षक पवन कुमार का जवाब-तलब करने के निर्देश दिए।