चुनाव: 10443 लोगों को किया गया मुचलका पाबंद
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Fri, 28 Apr 2023 02:23 AM IST
रामपुर। जनपद में होने वाले निकाय चुुनाव और स्वार विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर निरोधात्मक कार्रवाई की है। बड़ी संख्या में शरारती तत्वों को मुचलका पाबंद किया गया है। अभियान चलाकर 11 हजार लीटर से ज्यादा अवैध शराब बरामद की गई है।
एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर जनपद पुलिस ने चुनाव में खुराफात की आशंका के मद्देनजर 10443 लोगों को मुचलका पाबंद किया है। अगर पाबंद व्यक्तियों ने चुनाव में खुराफात की तो उनसे पाबंद की धनराशि वसूल की जाएगी। 18617 लोगों के खिलाफ 107/116 की कार्रवाई की गई है। 146 शरारती तत्वों को दबोचा गया। 2354 शस्त्र लाइसेंस जमा कराए गए हैं। 11212 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। चुनाव के मद्देनजर 38 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। एनडीपीएस के 9 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अभियान चलाकर सौ से ज्यादा अवैध असलाह और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। दो एक शराब की भट्ठी पकड़ी गई है। दर्जन से ज्यादा शातिरों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा चुनाव के मद्देनजर 20 कलस्टर मोबाइल, 25 पिकेट लगाई गई हैं। 12 स्थानों पर बेरियर लगाकर चैकिंग की जा रही है। 13 उडनदस्तों का गठन किया गया है, 13 निगरानी टीम गठित की गई है। साथ ही तहसील स्तर पर पांच टीम रिजर्व में तैनात रखी गई है।