Shahjahanpur News: बिजली गुल, उपकेंद्र पर हंगामा, 30 घंटे बाद मिली आपूर्ति
शाहजहांपुर। बारिश के कारण कलान विद्युत उपकेंद्र पर हुए जलभराव के चलते बिजली सप्लाई बाधित होने पर लाेगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार रात करीब नौ बजे उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया। तब करीब 30 घंटे के बाद सप्लाई को बहाल किया जा सका।
कस्बे में लगातार बारिश होने के कारण जलभराव हो गया था। उपकेंद्र निचले एरिये में होने के चलते पानी भर गया। इससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोग परेशान हो गए। शुक्रवार रात करीब नौ बजे उपभोक्ता उपकेंद्र पर पहुंच गए। उन्होंने जेई से सप्लाई को शुरू कराने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जमीन में नमी होने की बात कहते हुए इन्कार कर दिया। इस बात पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों की नाराजगी को देखते हुए 30 घंटे के बाद सप्लाई को बहाल कर दिया गया।
ट्रांसफार्मर फुंकने से उपभोक्ता परेशान
मिर्जापुर। कस्बे में सहकारी संघ के समीप लगा विद्युत ट्रांसफार्मर शनिवार सुबह चार बजे दूसरी बार फुंक गया है। जिससे आधे कस्बे के सैकड़ों घरों में अंधेरा छाया हुआ है। महीने में दो-दो बार ट्रांसफार्मर ही नहीं फुंक रहे हैं,बल्कि आये दिन लाइन फाल्ट से होने वाली अनावश्यक कटौती से उपभोक्ता बेहद परेशान हैं। क्षेत्र के शिवशंकर दीक्षित, नित्यप्रकाश, मनमोहन, अनुपम गुप्ता, सुधीर गुप्ता, मनोज गुप्ता, बलवीर सिंह आदि ने बिजली निगम के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है। इसी तरह निगोही और मदनापुर की बिजली आपूर्ति भी बाधित होने से लोगों को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है।
केबल बॉक्स खराब होने से बिजली गुल
शाहजहांपुर। जमौर विद्युत उपकेंद्र का केबल बाक्स बरेली मोड़ के पास फुंक गया। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद इंटरकनेक्ट सिस्टम से दूसरे उपकेंद्र से सप्लाई को जोड़कर बिजली सप्लाई बहाल की गई। जेई आदर्श कुमार सप्लाई को दुरुस्त कराने में देर शाम तक लगे हुए थे।