बरेली

Bareilly News: हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिरा, चपेट में आकर किसान की मौत

Connect News 24

नवाबगंज। खतौआ गांव में पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट लगने से एक बच्ची भी झुलस गई। परिजनों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नवाबगंज थाने में तहरीर दी है।

गांव के रामेश्वर दयाल (44) खेतीबाड़ी के साथ पशुपालन भी करते थे। सोमवार को सुबह आठ बजे वह पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गए थे। खेत में टूटकर गिरे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट आने से वह झुलस गए। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें खेत में पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी।

उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद गांव के लालाराम की बेटी संजना भी तार की चपेट में आकर झुलस गई। एक मवेशी भी तार की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बिजली निगम को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। परिजनों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का तार जर्जर था। शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने इसकी मरम्मत नहीं कराई। रामेश्वर दयाल के परिवार में पत्नी गुड्डी देवी के अलावा दो बेटे हैं।

करंट लगने से एक महीने में छह लोगों की मौत

तहसील क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का नेटवर्क जर्जर है। जगह-जगह तार लटक रहे हैं। एक महीने में करंट लगने से छह लोगों की मौत हो चुकी है। 22 जून को धमीपुर गांव में बरात चढ़त के दौरान बैंड की ठेली का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकराने से दो किशोरों की मौत हो गई थी। 24 जून को रिठौरा में हाईटेंशन लाइन से बग्घी टकराने की वजह से दो लोगों की जान चली गई थी। बीते दिनों लभेड़ा गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई थी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button