बदायूं

Budaun News: एपीओ को भेजा जेल, विवेचना बरेली स्थानांतरित

Connect News 24

– सोमवार को सहसवान ब्लॉक में रिश्वत लेते पकड़ा गया था

– सुबह बरेली ले गई उझानी पुलिस, कोर्ट में पेश किया गया

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। सहसवान ब्लॉक में रिश्वत लेते पकड़े गए एपीओ अनुपम शर्मा को मंगलवार दोपहर बरेली में जेल भेज दिया गया। साथ ही इस संबंध में उझानी कोतवाली में दर्ज एफआईआर की विवेचना भी बरेली स्थानांतरित कर दी गई।

दहगवां ब्लॉक में तैनात एपीओ अनुपम शर्मा सोमवार को रिश्वत लेते पकड़ा गया था। वह काफी समय से मालपुर ततेरा गांव की प्रधान सुशीला से बाउंड्रीवाॅल का भुगतान कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। उन्होंने करीब दो साल पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया था। यह कार्य मनरेगा योजना के तहत हुआ था। तब से उनका 2.96 लाख रुपये अटका हुआ था।

प्रधान और उसके पति संतोष कुमार ने कई बार एपीओ अनुपम शर्मा से भुगतान कराने को कहा था लेकिन वह उस पर 13 प्रतिशत कमीशन की मांग करता रहा। उसने पिछले दिनों कहा था कि जब तक 18 प्रतिशत कमीशन नहीं दोगे तो भुगतान 18 जुलाई तक खाते में नहीं आएगा। थकहार कर संतोष कुमार ने सूचना एंटी करप्शन विभाग को दी।

इस पर एंटी करप्शन विभाग की टीम ने सोमवार को बदायूं आकर अपना जाल बिछा दिया। योजना के मुताबिक संतोष ने एपीओ को कॉल की। तभी उसने संतोष को सहसवान ब्लॉक में बुला लिया। जैसे ही संतोष ने उसे 20 हजार रुपये दिए कि एंटी करप्शन विभाग की टीम ने उसे दबोच लिया।

इस संबंध में एपीओ के खिलाफ उझानी कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई। रातभर उसे कोतवाली में रखा गया। हालांकि टीम रात को बरेली चली गई। सुबह उझानी पुलिस एपीओ को बरेली ले गई। वहीं से एंटी करप्शन टीम ने अपनी हिरासत में ले लिया और उसे न्यायालय में पेश किया। फिर न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

उझानी कोतवाली के एसएसआई सुमित शर्मा ने बताया कि इस संबंध में दर्ज विवेचना भी बरेली ट्रांसफर कर दी गई है। अब वहीं से इसकी विवेचना होगी।

प्रस्ताव पास कराने के दौरान भी एपीओ ले चुका था रिश्वत

ग्राम प्रधान सुशीला के पति संतोष कुमार का कहना है कि एपीओ काफी रिश्वतखोर था। वह बिना रिश्वत के काम नहीं करता था। जब उन्होंने उच्च प्राथमिक स्कूल का बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। तब भी उसने प्रस्ताव पास कराने के नाम पर उनसे रिश्वत ली थी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button