बदायूं

Budaun News: सीनियर की फटकार से आहत स्टाफ नर्स ने खाया जहरीला पदार्थ

Connect News 24

बदायूं। जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स ने अपनी वरिष्ठ नर्स की फटकार से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ी तो अस्पताल प्रबंधन हरकत में आ गया। उसको आनन-फानन में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन मामला दबाने में जुटा है।

शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे स्टाफ नर्स अपनी ड्यूटी पर थी। वह स्टाफ रूम में बैठी थी, इसी दौरान किसी बात पर उसकी बहस स्टाफ रूम में मौजूद वरिष्ठ नर्स से हो गई। दोनों में काफी देर तक बहस हुई तो अन्य स्टाफ उनको समझाता रहा, लेकिन वरिष्ठ नर्स का पारा चढ़ गया और उसने स्टाफ नर्स को फटकार लगा दी। इसके बाद स्टाफ नर्स वहां से निकली और अस्पताल के बाहर आकर उसने जहरीला पदार्थ खरीदा।

जहरीला पदार्थ खरीदने के बाद वह अस्पताल पहुंच गई। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर में उसकी हालत बिगड़ी तो स्टाफ ने उसको वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देते हुए आनन-फानन में उसको इमरजेंसी में भर्ती कराया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन मामला दबाने में जुट गया।

सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। स्टाफ नर्स का आपस में ही स्टाफ से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने अस्पताल के बाहर आंबेडकर पार्क के पास जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल उसकी हालत सही है और उसको डिस्चार्ज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button