Shahjahanpur News: 2.49 लाख बच्चों के खाते में पहुंची यूनिफार्म की धनराशि

बीएसए रणवीर सिंह। संवाद
शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को जूते, मोजे व यूनिफार्म खरीदने के लिए 1200 रुपये डीबीटी के माध्यम से उनके अभिभावकों के खातों में भेजे जाते हैं। जिले में 2.49 लाख के खातों में धनराशि भेजे जाने का दावा बीएसए की ओर से किया जा रहा है। एक लाख विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिनका आधार सत्यापन अभी नहीं हो पाया है।
जिले में बेसिक के 2720 विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में कुल 3.49 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनमें से 2.49 लाख छात्र-छात्राओं के आधार सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को डिजिटल माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि भेज दी गई है। धनराशि विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में जाने में अभी एक सप्ताह का समय लग सकता है। जिन अभिभावकों के खाते में धनराशि पहुंच जाएगी, उनके बच्चे को ड्रेस मिल जाएगी। इनके अलावा उन बच्चों को निराश होना पड़ेगा, जिनका अभी आधार सत्यापन नहीं हो पाया है। इनकी संख्या करीब एक लाख बताई जा रही है।
वहीं बीएसए रणवीर सिंह का कहना है कि आधार सत्यापन का कार्य कराए जाने के लिए बीईओ व शिक्षकों को निर्देश दे दिए गए हैं, जल्द से जल्द यह कार्य पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद शेष बच्चों के अभिभावकों के खातों में भी डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजे जाने की संस्तुति कर दी जाएगी।