बदायूं हाईटेंशन लाइन हादसा: बुरी तरह झुलस गए थे शव, आनिफ के पेट में छेद तक हो गया… देखकर रूह कांप गई

हाईटेंशन लाइन से दर्दनाक हादसा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के बिसौली में बृहस्पतिवार रात डीपी यादव रोड कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से कॉलोनी निवासी साजिद की पत्नी इशरत बी उर्फ खिल्लो, बेटा अरुण खां उर्फ अल्लू और बेटी निक्की की मौत हो गई थी। साजिद समेत तीन लोग झुलस गए। ज्यादा गर्मी की वजह से परिवार घर के बाहर मार्ग पर चारपाई डालकर सो रहा था।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीनों शव बुरी तरह झुलस गए थे। जिसने शवों को देखा उसकी रूह कांप गई। जिस समय हादसा हुआ उस समय साजिद के भाई असलम, पत्नी-बच्चों के साथ दूसरे घर के अंदर थे। भाई असलम और परिवार के सदस्यों की चीख सुनकर उनकी आंख खुल गई और वह उठकर बाहर की ओर दौड़े।
उन्होंने भाई-भाभी और उनके बच्चों को बचाने की कोशिश की लेकिन इसमें वह भी झुलस गए। साजिद के पांच बच्चे थे, जिसमें बड़ी बेटी शीरी की शादी हो चुकी है। वह अपने पति के साथ मुंबई में रहती है। उससे छोटा बेटा राजा भी मुंबई में रहता है।
तीसरे नंबर का अरुण खां उर्फ अल्लू, उससे छोटी निक्की और सबसे छोटा बेटा आनिफ यहीं रहते हैं। बृहस्पतिवार रात उनके भी असलम, पत्नी सबीना, बेटे फारुख, गुलजार, बेटी हीर और रुखसार के साथ बराबर वाले घर में सो रहे थे।


