Shahjahanpur News: सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई फिर शुरू
शाहजहांपुर। बारिश के चलते बंद चल रहा सीवर लाइन डालने का काम रविवार से फिर शुरू हो गया। इस बार मोहल्लों, कॉलोनियों की गलियों की सड़कों को खोदा जा रहा है। खोदाई के चलते उस्मान बाग चौकी के सामने पुराना एआरटीओ ऑफिस वाली गली, तारों वाला बाग, रंगीन चौपाल में मस्जिदों वाली गली में रहने वाले लोग परेशान हैं।
घरों के किचन, बाथरूम व शौचालयों आदि से निकलने वाले गंदे पानी को सीवर लाइन के माध्यम से एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) तक पहुंचाया जाएगा। इस पानी को फिल्टर करने के बाद नदियों में छोड़ा जाएगा। इससे न सिर्फ नदियों को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा, बल्कि नालियों में बहने वाली गंदगी से भी राहत मिलेगी। इस काम को मार्च 2024 तक पूरा किया जाना है, जबकि काम अभी आधा से ज्यादा बाकी है। काम बेतरतीब ढंर से किए जाने के कारण लोगों को परेशानी भी ज्यादा हो रही है। काम की धीमी रफ्तार पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना कई बार नाराजगी जता चुके हैं। वहीं डीएम उमेश कुमार गौतम व नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा भी समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों को काम जल्द पूरा करने की हिदायत दे चुके हैं।
जेसीबी से हो रही खोदाई
गलियों में सीवर लाइन के पाइप डाले जा रहे हैं। इसके लिए गलियों की सड़कों को जेसीबी से खोदा जा रहा है। दिन में काम होने के चलते गलियों में लोगों का आनाजाना भी दूभर है। मोहल्लों व कॉलोनीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सोमवार को फिर से मानसून आने की संभावना है। ऐसे में खोदी गई गलियों की सड़कों की मरम्मत न हुई तो बारिश में फिसलन होने से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत होगी।
तीन अरब, 77 करोड़, 51 लाख, 48 हजार का बजट मंजूर
सीवर लाइन बिछाने व एसटीपी प्लांट के कार्य को पूरा करने के लिए शासन की ओर से 3 अरब, 77 करोड़, 51 लाख, 48 हजार रुपये का बजट मंजूर हुआ है। शहर में 186 किमी सीवर लाइन बिछाई जानी है। इसका काम जून 2021 में शुरू हो गया था। इसको अब लगभग एक साल पूरा होने वाला है।
लोग बोले- गलियों की सड़कें खोदे जाने से लोगों को हो रही आने-जाने में परेशानी
उस्मान चौकी के सामने वाली गली में रहने वाले दिनेश कहते हैं कि सीवर लाइन डालने का कार्य करने के लिए जेसीबी से गली की सड़क को खोदा गया है। बीचोंबीच में सड़क खोदने से सभी को परेशानी हो रही है।
बाडूजई प्रथम के सरताज अली बोले कि गलियों में खोदाई के लिए लेवर लगानी चाहिए थी, जो कि किनारे-किनारे खोदाई करती और सीवर लाइन डालती। इससे किसी को परेशानी भी नहीं होती। जेसीबी से खोदाई का तरीका ठीक नहीं है।
रंगीन चौपाल में रहने वाले सैफ कहते हैं कि खोदाई कर सीवर लाइन डालने के बाद तुरंत ही मिट्टी व रोड़ी डालकर गड्ढे भरके फिर सड़क की मरम्मत करनी चाहिए। इससे काम भी हो जाएगा और किसी को तकलीफ भी नहीं होगी।
बारिश होने पर सीवर लाइन का काम बंद करवा दिया था। अब जब बारिश नहीं हो रही है तो फिर से काम शुरू करवाया गया है। सीवर लाइन डालने का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को तकलीफ न हो, इसका भी ध्यान रखने के निर्देश ठेकेदारों को दिए हैं। – सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, सीएंडडीएस (जल निगम)

