Shahjahanpur News: स्मार्ट रोड की राह में रोड़ा बनी अंडरपास की मंजूरी

सुभाषनगर से रिंग रोड तक बनने वाली स्मार्ट रोड के बीच बना रेलवे का अंडरपास
दोबारा बनाकर भेजा कास्टिंग एस्टीमेट, दो-तीन दिन में अनुमति मिलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। सुभाषनगर से रिंग रोड तक करीब एक किमी लंबी और 30 मीटर चौड़ी स्मार्ट रोड का निर्माण अटका हुआ है। निर्माण के बीच में रेलवे का अंडरपास आ रहा है। पहले से बने अंडरपास के करीब में ही दूसरा अंडरपास बनाए जाने के लिए रेलवे से अनुमति मांगी गई है जोकि कास्टिंग एस्टीमेट में कमी रह जाने के कारण अब तक नहीं मिल सकी है। ऐसे में दोबारा कास्टिंग एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है, जिस पर दो-तीन दिन में अनुमति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर निगम की ओर से शहर की पहली स्मार्ट रोड का निर्माण कराए जाने का निर्णय किया गया था। इसके लिए 13.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ। बजट मिलने के बाद कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन यह पूरा होने को नहीं आ रहा है। जबकि निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए निर्धारित समय सीमा भी गुजर चुकी है।
निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की मुख्य वजह रेलवे का अंडरपास है, जोकि सुभाषनगर से रिंग रोड के बीच में बना हुआ है। इस अंडरपास के ऊपर रेल लाइन पड़ी हुई है, जिससे कभी ट्रेनों का आवागमन होता था, हालांकि वर्तमान समय में यह रेलवे लाइन निष्क्रिय है और ट्रेनों का संचालन नहीं किया जाता है।
पहले रिंग रोड को बनाए जाने के लिए इस अंडरपास को हटाए जाने पर विचार चल रहा था। जिसकी अनुमति रेलवे के अधिकारियों ने नहीं दी। फिर वित्त मंत्री व महापौर की मौजूदगी में नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में रेलवे के अधिकारियों ने पुराने अंडरपास के करीब में ही नया अंडरपास बनाए जाने का सुझाव दिया। जिसके लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने के लिए आग्रह किया गया।
नगर निगम की ओर से रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर और कास्टिंग एस्टीमेट बनाकर भेजा गया। जिसको डेढ़ माह से अधिक समय बीत चुका है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जो कास्टिंग एस्टीमेट बनाकर भेजा गया था, उसमें कुछ कमी रह गई थी। जिसको दूर करके फिर से रेलवे के उच्चाधिकारियों के समक्ष भेजा गया है। उम्मीद है कि दो-चार दिनों में अनुमति मिल जाएगी।
–
नहीं हो रहा बिजली का काम
स्मार्ट रोड पर बिजली के खंभे और स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जानी हैं लेकिन बिजली विभाग की ओर से यह कार्य भी शुरू नहीं किया गया है। जबकि स्मार्ट रोड का 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। 20 प्रतिशत कार्य अंडरपास निर्माण की अनुमति न मिलने के कारण अटका है।
–
स्मार्ट रोड के दोनों किनारों पर बनाए गए डक्ट
स्मार्ट रोड के दोनों किनारों पर डक्ट बनाए गए हैं, जिससे भविष्य में कोई तार या पाइप लाइन डालने के लिए रोड को खोदना न पड़े। इसके साथ ही फुटपाथ बनाया जा रहा है। पौधरोपण का कार्य भी चल रहा है, ताकि स्मार्ट रोड को हरा-भरा बनाया जा सके। बीच में डिवाइडर बने हैंं। जिन पर बिजली के खंभे लगने हैं।
–
स्मार्ट रोड का निर्माण फिलहाल रुका हुआ है। 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा है। रेलवे के अंडरपास से लगा ही दूसरा अंडरपास बनाया जाना है। जिसको लेकर रेलवे से अनुमति नहीं मिली है। कास्टिंग एस्टीमेट में कुछ कमी रह गई थी, जिसको सही करके दोबारा भेजा गया है। दो-तीन दिनों में अनुमति मिलने की उम्मीद है।
– आशीष त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता (निर्माण), नगर निगम