Budaun News: बिजनेस स्टार्टअप के बारे में दी जानकारी

आसिम सिद्दीकी मेमोरियल कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में बोलते मुख्य वक्ता जयेंद्र प्रताप सिंह।
रुहेलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन की कार्यशाला का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। आसिम सिद्दीकी मेमोरियल महाविद्यालय में रुहेलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बिजनेस स्टार्टअप के बारे में विस्तार से बताया गया।
शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से वरुण प्रताप सिंह व जयेंद्र प्रताप सिंह मुख्य वक्ता रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सभी छात्र-छात्राओं के बिजनेस आइडिया को वित्तीय रूप से आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कोई भी छात्र-छात्रा अच्छे बिजनेस विचार देकर विश्वविद्यालय की सहायता से अपना बिजनेस स्टार्टअप कर सकते है, और भविष्य में एक बड़ी कंपनी खड़ी कर सकते है।
बताया कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय में इनक्यूबेशन फाउंडेशन के लिए एक अलग बिल्डिंग तैयार की गई है, जिसमें कार्यरत सभी कर्मचारी जैसे सीए, मैनेजर आदि छात्र-छात्राओं को अपनी कंपनी बनाने में मदद करते हैं।
जयेंद्र प्रताप सिंह ने सभी को इनक्यूबेशन का अर्थ बताया। कहा कि जिस प्रकार कोई पक्षी अपने अंडे को तब तक सहेज कर रखता है, जब तक उससे निकला हुआ बच्चा उड़ने लायक न हो जाए। ठीक इसी प्रकार रुहेलखंड इन्कयूबेशन फाउंडेशन छात्र-छात्राओं के बिजनेस विचार व उनके द्वारा पंजीकृत कराई कंपनी जब तक पैसा कमाने लायक न बन जाए, तब तक सहेज कर रखता है।
इस मौके पर काॅलेज मैनेजर जोहेब अली सय्यद, निदेशक जोया जोहेब अली सैय्यद, सलमान अहमद, प्राचार्य डाॅ. नजीबुल हसन खां, अफसार अहमद, प्रवक्ता अभिषेक सिंह, डाॅ. दिनेश चंद्र सक्सेना आदि मौजूद रहे।


