Shahjahanpur News: कलाकारों का अभिनय देखकर कलाप्रेमी मंत्रमुग्ध

शाहजहांपुर के गांधी भवन में नाटक सिंकदर का मंचन करते कलाकार
शाहजहांपुर। असंगत विधा के महान नाटककार भुवनेश्वर प्रसाद के जनपद में उन्हीं के चर्चित नाटक सिकंदर का मंचन गांधी भवन प्रेक्षागृह में किया गया। टैलेंट मेकर नाट्य कला समिति के कलाकारों के अभिनय को देखकर दर्शक और कलाप्रेमी मंत्रमुग्ध हो उठे। पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
नाटक में दिखाया कि ग्रीक का शासक सिकंदर विश्वविजय का सपना संजोए यूनान के रास्ते भारत में प्रवेश करता है। भारत आकर सारे रजवाड़े जीतकर मूर्तियां मंदिरों और सभ्यताओं को एक-एक कर नष्ट करता चला जाता है। सिकंदर के भारत के मंदिरों, मूर्तियों को नष्ट करने का विरोध यहां के राजाओं, ब्राह्मणों, ऋषियों और लोगों ने डटकर किया। उसे भगवान मानने से अस्वीकार कर दिया गया। ब्राह्मण, और ऋषियों की अपने ईश्वर के प्रति अटूट आस्था और सम्मान देखकर सिकंदर कुंठित, हताश और निराश होकर भारत से लौट जाता है।
नाटक में रंगा का किरदार निर्देशक हंसराज विकल, सिकंदर-अनिल कुमार ने निभाया। रचिन कुमार, मुदित जुनेजा, डंपी सिंह, इशिका श्रीवास्तव, कुमकुम राठौर, संदीप आर्य, अरविंद कुमार, विजय राना, विजय राज, अमोद कुमार ने अभिनय किया। सोनू सक्सेना, भावना राज विकल, मनीष मुनि, संदीप आर्य, संजीव श्रीवस्ताव, अतुल अवस्थी, राजेश्वर सिंह जाटव आदि का मंच से परे सहयोग रहा। संचालन इंदु भूषण पांडेय ने किया।