Pilibhit News: विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 06 Aug 2023 12:55 AM IST

गांव करेली में घटनास्थल का निरीक्षण करती हुई फॉरेंसिक टीम । संवाद
बिलसंडा। गांव करेली में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर में ही तख्त पर पड़ा मिला। मायके वालों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना गजरौला के गांव शिवनगर निवासी माया देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी निशा (32) की शादी नौ वर्ष पूर्व गांव करेली निवासी निर्देश के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर आए दिन निशा के साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि चार दिन से लगातार निशा को पीटा जा रहा था। शनिवार को रस्सी से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर भी चोटों के निशान हैं।
माया देवी का कहना है कि वह जब परिवार के लोगों के साथ निशा की ससुराल पहुंचीं तो उसका शव बरामदे में तख्त पर पड़ा था। ससुराल के लोग गायब थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया। एसओ जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि मायाके वालों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

गांव करेली में घटनास्थल का निरीक्षण करती हुई फॉरेंसिक टीम । संवाद