नफरत की राजनीति कर रही भाजपा : धर्मेंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Mon, 07 Aug 2023 02:02 AM IST
रामपुर। जिला कांग्रेस कार्यालय पर रविवार को मासिक बैठक हुई। जिसमें संगठन के विस्तार और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि भाजपा झूठ बोलो और नफरत फैलाओं की राजनीति कर रही है।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज देश के संविधान और लोकतंत्र की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। भाजपा के नेता अपने भाषणों से देश में नफरत फैला रहे हैं और अगर विपक्ष का नेता सरकार से सवाल करता है तो उसके घर सीबीआई और ईडी का छापा डलवाया जा रहा है। संसद जैसे पवित्र मंदिर में भाजपा सरकार झूठ बोलती है। ऐसे में देश का विकास कैसे संभव होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सत्य और अहिंसा की राजनीति की है। पूर्व विधायक अफरोज अली खां ने कहा कि भाजपा ने देश में सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया है। इस मौके पर शहर अध्यक्ष नोमान खां, वेदराम यादव, इकबाल खां, डॉ. जफर खां, जुबैर खां, महेंद्र यदुवंशी, नसीम मलिक, जिवेंद्र गंगवार मौजूद थे।