Shahjahanpur News: बैरियर लगाकर रोडवेज बसों को छोड़ अन्य वाहनों का आवागमन रोका
जलालाबाद। सावन के पांचवें सोमवार को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने रविवार को बड़े व भारी वाहनों के आवागमन पर सख्ती बरती। याकूबपुर तिराहे से बैरियर लगाकर सरकारी बसों को छोड़कर अन्य वाहनों को गुजरने नहीं दिया गया।
नगर सीमा से पहले बरेली और फर्रुखाबाद हाईवे पर पुलिस द्वारा बड़े वाहनों को रोककर एक-एक कर निकाला गया। रूट डायवर्जन वाले शाहजहांपुर रूट पर याकूबपुर तिराहा, बारहपत्थर, कलक्टरगंज समेत कई अन्य स्थानों पर पुलिस तैनात कर बड़े वाहनों का संचालन नहीं होने दिया। याकूबपुर तिराहे पर बैरिकेडिंग रही, ताकि प्रतिबंधित बड़े वाहनों का इस रास्ते से प्रवेश न हो सके। डायवर्जन वाले रूट पर सरकारी बसों का संचालन बना रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कत नहीं हुई।
रविवार को भी घटियाघाट से जल भरने के बाद गोला जाने वाले कांवड़ियों की संख्या काफी बढ़ गई है। सोमवार को भगवान शिव को जल अर्पित करने की कामना के चलते शनिवार रात से ही कांवड़ियों का आवागमन काफी बढ़ गया था, जिसे देखते हुए प्रशासन की भी चौकसी बढ़ गई और अधिकारी पेट्रोलिंग के जरिये व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।