Rampur News: पीपली वन में खैर तस्करों और वन सुरक्षा कर्मियों में मुठभेड़, लकड़ी से लदी स्कार्पियो बरामद
स्वार (रामपुर)। मिलकखानम थाना क्षेत्र स्थित पीपली वन में शनिवार की रात वन तस्करों ने खैर की लकड़ी काट कर स्कार्पियों कार में लाद ली। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तस्करों की घेराबंदी की । इस दौरान तस्करों ने फायरिंग भी की लेकिन किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। तस्कर लकड़ी से लदी स्कार्पियो छोड़ कर फरार हो गए। तस्कर स्वार कोतवाली क्षेत्र और उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र के बताए गए हैं जिनके खिलाफ गदरपुर थाना पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
शनिवार की रात वन रेंजर मुजाहिद हुसैन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीपली वन से तस्करों द्वारा खैर की लकड़ी का कटान किया जा रहा है। सूचना मिलते ही रेंजर वन रक्षकों की टीम के साथ बताए गए कंपार्टमेंट की घेराबंदी करली। तस्करों ने आहट होने पर फायरिंग की जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। वन सुरक्षा कर्मियों ने घेराबंदी की तो तस्कर घबरा गए और स्कार्पियो तेजी से उत्तराखंड बॉर्डर की ओर भगा ले गए। वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने सूचना गदरपुर थाना प्रभारी को दे दी। गदरपुर थाना पुलिस ने भी तस्करों के बारे में छानबीन शुरू कर दी है। बताते हैं कि कुछ ही देर में पुलिस व वन कर्मियों ने उत्तराखंड के गांव नंदपुर में स्कोर्पियो कार को पकड़ लिया। लेकिन इस दौरान तस्कर चकमा देकर फरार हो गए। स्कोर्पियो कार में लदी खैर व कार को कब्जे में कर सलारपुर चौकी ले आया गया। उधर, सूचना मिलने पर वन विभाग के एसडीओ उमेशचंद पाठक भी पीपली की सालारपुर चौकी पहुंच गए।
वन रेंजर ने बताया कि तस्करों को चिन्हित कर लिया गया है। तस्कर उत्तराखंड क्षेत्र के अलावा स्वार कोतवाली क्षेत्र के रायपुर, गोविंदपुरा, पठानोवाला मझरा गांव के हैं। उत्तराखंड के तस्करों में गदरपुर के जाकिर अली, मोहम्मद आसिफ, कलकत्ती के अमृत सिंह, रिंकू, जोदा सिंह और मुकंदपुर नबीशेर उर्फ सोनू के नाम प्रकाश में आये हैं।
वन रेंजर मुजाहिद हुसैन का कहना है कि स्कोर्पियो कार में लदी खैर के 15 गोटे बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि आठ तस्करों को चिंहित कर उत्तराखंड पुलिस को तहरीर दी है। समाचार भेजे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।