Bareilly News: अनिवार्य विषय की परीक्षा पास करने का एक और मौका
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने साल 2022 में संपन्न हुई मुख्य परीक्षा या इससे पूर्व के किसी भी वर्ष में खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा, पर्यावरण विज्ञान (अनिवार्य) विषय की छूटी परीक्षा में शामिल होने का मौका अभ्यर्थियों को दिया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। दस मई तक आवेदन होंगे। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने इस संबंध में प्राचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार दस मई तक निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन जमा करने हैं। भरे हुए परीक्षा आवेदन पत्र 11 मई को कॉलेज में और कॉलेज की ओर से प्राप्त आवेदन पत्र को अप्रूव करने की अंतिम तारीख 13 मई है। परीक्षा नियंत्रक ने सभी आवेदन पत्र नियमानुसार जमा कराने, परीक्षण करने के बाद ऑनलाइन अग्रसारित करने के लिए कहा है। इस प्रक्रिया में कहीं कोई त्रुटि होने पर कॉलेज प्रबंधन उत्तरदायी होगा। आवेदन पत्र की हार्डकॉपी विश्वविद्यालय में जमा नहीं होगी। केंद्रीय कंप्यूटर प्रभारी काे संबंधित डाटा ऑनलाइन एजेंसी को भेजने के लिए कहा गया है।
साथ ही, विवि परिसर और कॉलेजों में संचालित बीएड, एमएड, बीएलएड, बीपीएड के संस्थागत और पूर्व में छूटी हुई प्रयोगात्मक और मौखिक परीक्षा के आवेदन पत्र भरे जाने का कार्यक्रम जारी किया है। इसका कार्यक्रम भी परीक्षा सुधार परीक्षा के अनुरूप है।
परीक्षार्थी का डाटा भेजने में खामियां
बरेली। पिछले दिनों संपन्न हुई सेमेस्टर परीक्षा में अनुचित सामग्री के जरिए नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों का डाटा भेजने में कॉलेज की ओर से की जा रही खामियाें पर परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने आपत्ति जताई है। उन्होंने सभी कॉलेज प्राचार्य को ऐसे परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिका और नई जारी उत्तरपुस्तिका दोनों को संलग्न करने, केंद्राध्यक्ष के हस्ताक्षर, केंद्र की मुहर, सील लिफाफे में उत्तरपुस्तिकाओं के साथ मुद्रित, हस्तलिखित, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य विवरण संलग्न करने के लिए कहा है। ताकि समिति को नियमानुसार कार्रवाई में दिक्कत न हो सके। ब्यूरो
20 मई से यूजी, पीजी की मुख्य परीक्षा
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर मुख्य परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत बीए, बीएससी, बीकॉम की परीक्षा 20 मई से शुरू होकर 11 जुलाई तक चलेंगी। वहीं, स्नातकोत्तर प्रीवियस और फाइनल की परीक्षा 20 मई से 13 जून तक संपन्न होंगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार की ओर से वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। ब्यूरो


