Shahjahanpur News: हरदोई-शाहजहांपुर हाईवे पर चलना संभल के…जरा सी लापरवाही ले लेगी जान

शाहजहांपुर-हरदोई हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर के पास खराब सड़क। संवाद
शाहजहांपुर। हरदोई-शाहजहांपुर नेशनल हाईवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसकी वजह हाईवे पर अतिक्रमण, अवैध कट और गड्ढे हैं। बारिश के बाद डिवाइडर पर उगी घास के कारण आने वाले बड़े वाहन दिखाई नहीं देते हैं और अक्सर हादसा हो जाता है। हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की तरफ से कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। हरदोई चौराहे पर सड़क पर ही सवारी भरते डग्गामार वाहनों के कारण निकलना मुश्किल है।
हरदोई बाईपास से हरदोई की ओर चलने पर दोनों ओर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। डग्गामार वाहन सड़क पर ही यात्रियों को बैठाते और उतारते हैं। भारी वाहनों के आवागमन के कारण यहां पर अक्सर जाम लगा रहता है। इसके अलावा लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में कई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं।
रामचंद्र मिशन आश्रम के सामने ही बड़ा गड्ढा है। लालाबाग में पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर पर कट दिया गया है। कट की सड़क खराब होने के कारण वाहन तेजी से निकलते हैं और दूसरी ओर से आ रहे वाहन की चपेट में आ जाते हैं। बरसात में डिवाइडर पर उग आई घास के कारण भी लोगों को दूसरी ओर से आ रहे वाहन नहीं दिखते। दो दिन में इसी वजह से दो हादसे हो चुकेे हैं। पेट्रोल पंप के बीचों-बीच खड़े ट्रक व सड़क किनारे लगे बोर्ड की वजह से भी सड़क पर निकल रहे वाहन दिखाई नहीं देते। क्षेत्र में हाईवे पर कहीं भी संकेतक नहीं लगे हैं। शाहजहांपुर-हरदोई मार्ग पर कई जगह अवैध कट बने हुए हैं।
सड़क किनारे खड़े रहते हैं ट्रक
रिलायंस पावर परियोजना से राख ले जाने वाले ट्रक भी कई बार सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इस कारण से भी हादसे का डर लगा रहता है। बारिश की वजह से सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे हो गए हैं।
सड़क पर वाहन खड़े करके भरते हैं सवारियां
हरदोई चौराहा पर पुलिस पिकेट लगती है। डग्गामार वाहन चालक, ई-रिक्शा चालक खुलेआम पुलिस के सामने सड़क पर वाहन खड़े करके सवारियां भरते हैं। इसकी वजह से सड़क संकरी हो जाती है।
आईटीएमस भी नहीं कर रहा काम
हरदोई चौराहा बहुत की व्यस्त क्षेत्र है। यहां से बरेली-शाहजहांपुर नेशनल हाईवे भी गुजरता है। दूसरी तरफ शाहजहांपुर-हरदोई जाने वाले हाईवे पर भी काफी भीड़ रहती है। दोनों हाईवे पर वाहनों का बोझ बहुत अधिक रहता है। यहां पर नगर निगम की ओर से लगाया गया आईटीएमएस भी नहीं चलता हैं। पुलिसकर्मी वाहनों पर कंट्रोल नहीं कर पाते हैं। जिसकी वजह से हादसे होते हैं।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-हरदोई रोड पर स्थित लालबाग पेट्रोल पंप के ठीक सामने दूसरे दिन भी हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह भाजपा के कनेंग मंडल उपाध्यक्ष रोजा थाना क्षेत्र के गांव रायपुर टेनी निवासी विजय पाल सिंह (50) पत्नी छोटी बिटिया के साथ बाइक से शाहजहांपुर की ओर जा रहे थे। लालबाग में पेट्रोल भरवाने के लिए डिवाइडर से पेट्रोल पंप की ओर मुड़े तभी ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक विजयपाल ने हेलमेट लगाया हुआ था, लेकिन वह निकलकर दूर जा गिरा। वहीं पत्नी को भी गंभीर चोटें आ गईं और दोनों बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को इसी स्थान पर बस की टक्कर में मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत हो गई थी। संवाद
शाहजहांपुर-हरदोई रोड पर हो रहे हादसों की वजह पता लगाई जाएगी। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
– संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन

शाहजहांपुर-हरदोई हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर के पास खराब सड़क। संवाद

शाहजहांपुर-हरदोई हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर के पास खराब सड़क। संवाद

