Budaun News: अरिल नदी में डूबकर युवक की मौत

मृतक गुड्डू का फाइल फोटो।
दातागंज के हजरतपुर इलाके में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। हजरतपुर इलाके में बृहस्पतिवार को 22 वर्षीय युवक गुड्डू की अरिल नदी में डूबकर मौत हो गई। परिवार वाले उसे रिश्तेदारियों में तलाश करते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह बमनपुरा के नजदीक अरिल नदी में उसका शव पानी में उतराता मिला।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी गुड्डू पुत्र बिजेंद्र खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। गांव के कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार दोपहर उसे अरिल नदी की ओर जाते देखा। इधर, गुड्डू देर शाम तक घर नहीं आया तो परिवार वालों ने उसको तलाश शुरू की। बताते हैं कि परिवार वाले उसे रिश्तेदारियों और परिचितों के यहां तलाश करते रहे पर उसका कोई सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग अरिल नदी की ओर घूमने गए। तब उन्होंने युवक का शव अरिल नदी में उतराता हुआ देखा। ग्रामीणों की सूचना पर युवक के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। बाद में सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई लेकिन परिवार वालों ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। वह युवक के शव को घर ले गए और दोपहर के समय उसका अंतिम संस्कार कर दिया।



