Shahjahanpur News: पुलिस के शक की सुई नजदीकी के इर्द-गिर्द
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की ऑफिसर्स कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में निवासी रामबेटी हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस की जांच परिवार के इर्द-गिर्द ही मंडरा रही है। उसके परिजनों से कई राउंड पर पुलिस ने वार्ता की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले के खुलासे के लिए एसओजी व सदर थाने की पुलिस जांच कर रही है।
28 जुलाई की सुबह रामबेटी का शव क्वार्टर में पड़ा मिला था। एसपी अशोक मीणा व एएसपी सुधीर जायसवाल ने घटनास्थल का मुआयना किया था। अगले दिन आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या सिर पर वार और तेजाब से चेहरा व हाथ जलाने की बात की पुष्टि हुई थी। उसके बाद सदर पुलिस ने मृतका के बेटे मुकेश की तहरीर पर हत्या की धाराओं में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने घटनास्थल के नजदीक चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को तलाश किया। मृतका की बेटी द्वारा पड़ोसी पर आरोप लगाने के बिंदु पर जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एसओजी व पुलिस ने मृतका के परिजन से कई राउंड में वार्ता की है। पुलिस के शक की सुई मृतका के करीबी के इर्द-गिर्द घूम रही है। दूसरी ओर जिस पर रामबेटी की बेटियाें ने आरोप लगाया था, उस महिला ने अपना घर छोड़ दिया। वह अपनी बहन के घर रहने लगी थी।
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। कई बिंदुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी