Rampur News: निजी अस्पताल में नवजात की मौत पर हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 12 Aug 2023 11:56 PM IST
रामपुर। शहर में तोपखाना गेट के नजदीक एक निजी अस्पताल में शनिवार को एक नवजात की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने हंगामा किया। हालांकि, बाद में पुलिस के पहुंचने पर परिजन शांत हो गए और बच्चे के शव को घर ले गए।
टांडा थाना क्षेत्र के गांव सरावा मझरा कल्लू की मढ़ैया निवासी दिनेश की पत्नी गीता ने बीते नौ अगस्त को इस अस्पताल में प्रसव उपरांत बेटे को जन्म दिया था। जन्म उपरांत बच्चे का वजन कम होने के कारण उसको मशीन में रखा गया था। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को परिजन बच्चे को घर ले गए थे। हालत बिगड़ने पर बच्चे को दोबारा शनिवार को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। कोतवाल गजेंद्र त्यागी ने बताया कि परिजन बिना किसी कार्रवाई के बच्चे के शव को घर ले गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।