पीलीभीत

Pilibhit News: शहर में डेंगू की दस्तक, दो मरीज मिले

Connect News 24

पीलीभीत। शहर में डेंगू ने दस्तक दे दी है। निरंजनकुंज कॉलोनी व अवधनगर में डेंगू का एक-एक मरीज मिला है। रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सतर्क हो गई। सीएमओ ने दोनों कॉलोनियाें में टीमें भेजकर छिड़काव कराया। इसके साथ ही शहर में तमाम जगह टीमों ने जाकर जमा किया गया पानी फेंका। कुछ जगह डेंगू का लार्वा मिलने पर दुकानदार को नोटिस भी दिया गया।

जिले में अभी तक लोग आईफ्लू व बुखार से परेशान थे। मौसम बदलने के साथ ही बुखार तेजी से फैल रहा है। अब जिले में डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। शहर में दो डेंगू के मरीज मिले हैं। इसमें एक निरंजनकुंज कॉलोनी व एक अवध नगर का रहने वाला है। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू लखनऊ में सैंपल भेजा। यहां से दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

इसके बाद जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में एक-एक टीम निरंजनकुंज कॉलोनी व अवधनगर में भेजी गई। टीमों ने मरीज के घर के पास 50-50 घरों में लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया। साथ ही बुखार के रोगियों की सूचना एकत्रित की। निरंजनकुंज कॉलोनी में एक घर में लार्वा मिलने पर गृहस्वामी को नोटिस जारी किया गया।

गौहनिया चौराहे पर पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक टायर पंचर की दुकान पर कई पुराने टायर रखे थे। यहां टायरों में जमा पानी में लार्वा मिलने पर दुकान स्वामी बबलू को नोटिस दिया गया। साथ ही 24 घंटे के अंदर टायरों को हटाने को कहा गया। इसके साथ ही जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र व संजय रॉयल पार्क के सामने नारियल पानी की दुकान एवं रानी अबंतीबाई स्कूल के पास गमले बनाने की दुकान के पास फेंके गए नारियल के खोल व बने हुए गमलों में पानी जमा मिला। इसमें लार्वा मिला। नारियल विक्रेता संजय व हरीश को नोटिस जारी कर लार्वा को नष्ट किया गया।

पानी न होने दें इकट्ठा : सीएमओ

सीएमओ आलोक शर्मा का कहना है कि घराें व दुकानों में पानी को इकट्ठा न होने दें। इसी पानी में डेंगू का लार्वा पनपता है। जिससे डेंगू फैलता है। मलेयरिया विभाग की टीम लगातार शहर में छिड़काव कर रही है। जहां जहां लार्वा मिल रहा है उसे नष्ट किया जा रहा है।

टीमें हो गई अलर्ट, कराया जा रहा छिड़काव

2021-2022 में डेंगू के 318 केस मलेरिया विभाग ने दर्ज किए थे। इसमें से छह लोगों की मौत डेंगू की कारण हुई। इसके अलावा 2022-2023 में 279 केस मिले थे। इसमें से पांच मरीजों की मौत हुई। हालांकि नौगवां पकड़िया में पिछले साल कई मौतें हुई लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें डेंगू से मौत मानने से साफ इंकार कर दिया था। अच्छी बात यह है कि इस बार अभी से ही स्वास्थ्य विभाग ने टीमों को अलर्ट कर दवा का छिड़काव कराना शुरू कर दिया है। जिससे की डेंगू न फैल सके।

ये बरतें सावधानी

बरसात का पानी इकट्ठा न होने दें।

कूलर, गमलों आदि में सफाई करते रहें।

घराें के बाहर नालियों में भी सफाई रखें।

बुखार न उतरने पर जांच जरूर करा लें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button