शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: खुटार में भाजपा प्रत्याशी के सामने बागियों ने खड़ी की मुसीबत

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर

Updated Wed, 03 May 2023 01:12 AM IST

खुटार। नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी के सामने बागी उम्मीदवारों ने मुसीबत खड़ी कर दी है। भाजपा ने यहां अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम की पत्नी को टिकट दिया है, लेकिन उनके सामने मोर्चा उपाध्यक्ष रहे चंदन कठेरिया ने अपनी ज्योति और कार्यकारिणी सदस्य दुर्गेश कुमार ने अपनी भाभी शकुंतला देवी को चुनाव मैदान में उतार दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता यहां बगावत रोकने में नाकाम रहे हैं।

खुटार नगर पंचायत अध्यक्ष पद इस बार अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। खुटार से 14 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। यहां भाजपा से कई कार्यकर्ता अपनी पत्नियों और परिवार की महिलाओं के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम की पत्नी सरला देवी को टिकट दिया है। इससे खफा होकर अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य दुर्गेश कुमार ने बगावत कर दी है। वह अपनी भाभी शकुंतला देवी के लिए टिकट मांग रहे थे। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी सरला देवी के खिलाफ अपनी भाभी को चुनाव मैदान में उतार दिया है। पार्टी नेता अपने ही दो कार्यकर्ताओं के बीच मची खींचतान को रोकने में नाकाम रहे हैं।

डॉ. राधेश्याम पार्टी पदाधिकारियोंं के साथ पत्नी के लिए वोट मांग रहे हैं तो दुर्गेश कुमार अपनी भाभी शकुंतला देवी के लिए पूरी ताकत से प्रचार में जुटे हैं। भाजपा के कुछ लोग अंदरखाने शकुंतला देवी के पक्ष में हैं। दुर्गेश ने बताया कि वह जल्द ही भाजपा से इस्तीफा दे देंगे। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष चंदन कठेरिया भी पत्नी ज्योति कठेरिया के लिए अध्यक्ष पद का टिकट मांग रहे थे। सरला देवी को टिकट मिलने पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और पत्नी ज्योति को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button