Budaun News: गुमसुम बैठा रहा हत्यारोपी, बोला- कोई पछतावा नहीं

दातागंज कोतवाली में खड़ा आरोपी।स्रोत पुलिस
दातागंज में पत्नी और बेटी की हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव भुड़ेली में पत्नी और बेटी की हत्या का आरोपी अखिलेश उर्फ अजय पुलिस हिरासत में गुमसुम बैठा रहा।एक सवाल के जवाब में बोला-उसे अपने कृत्य का कोई पछतावा नहीं है। दोपहर बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
बुधवार सुबह अखिलेश उर्फ अजय ने पत्नी खुशबू और आठ माह की बेटी सृष्टि की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। उसने खुशबू से प्रेम विवाह किया था। खुशबू मूलरूप से देवरिया जिले की रहने वाली थी लेकिन उसका परिवार पिछले कई साल से दिल्ली में रह रहा था।
करीब ढाई साल पहले अखिलेश भी घर से नाराज होकर दिल्ली चला गया था। वहीं उसको खुशबू से प्यार हुआ और उससे बदायूं लाकर शादी कर ली। अखिलेश शराब पीने का आदी था। इससे खुशबू अपने मायके जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर अखिलेश ने बुधवार सुबह उसकी और बेटी सृष्टि की हत्या कर दी। बाद में वहीं चारपाई के पास बैठ गया।
इसके कुछ देर बाद जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। पुलिस की सूचना पर खुशबू के पिता भरत चौधरी बुधवार रात कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने अखिलेश पर दहेज में एक लाख रुपये और बाइक मांगने समेत हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई।
भरत चौधरी का कहना है कि आरोपी अखिलेश शादी करने के बाद से खुशबू के साथ मारपीट कर रहा था। साथ ही उनसे एक बाइक और एक लाख रुपये मांग रहा था। इससे खुशबू घर आना चाहती थी लेकिन आरोपी उसे मायके नहीं जाने देता था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने मां-बेटी के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार करा दिया। परिवार वालों ने सृष्टि के शव को दफन कर दिया। इस दौरान ससुराल और मायके वाले मौजूद रहे।
–
सीओ करेंगे दोहरे हत्याकांड की विवेचना
कोतवाली क्षेत्र के गांव भुड़ेली में हुए दोहरे हत्याकांड की विवेचना सीओ दातागंज कर्मवीर सिंह करेंगे। बताया जा रहा है कि खुशबू अनुसूचित जाति की थी। अनुसूचित जाति के मामलों की विवेचना सीओ करते हैं। इससे उन्हें इस मामले की विवेचना मिली है।
–
अखिलेश ने किसान से की थी लूटपाट
हत्यारोपी अखिलेश एक लूटपाट के मामले में भी नामजद है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया निवासी शिवदयाल 21 नवंबर 2021 को एक वाहन में मिर्च भरकर डेलापीर बरेली मंडी जा रहे थे। जब वह महेशपुरा ठाकुरान के रेलवे फाटक पार करके आगे पहुंचे तभी आरोपी अखिलेश ने अपने साथियों के साथ आगे से ऑटो लगाकर उन्हें रोक लिया। उनकी लोहे की रॉड से पिटाई भी की। साथ ही उनसे पांच हजार रुपये, एक मोबाइल लूट लिया। जब वह चिल्लाया तो आरोपी मौके से भाग गया था। इस संबंध में शिव दयाल ने सुभाष नगर थाने में अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस की विवेचना में आरोपी अखिलेश का नाम प्रकाश में आया था।


