Shahjahanpur News: एमडीएम का राशन प्रधानाध्यापिका के घर उतरने का वीडियो वायरल
खुटार। एमडीएम (मध्याह्न भोजन) का राशन प्रधानाध्यापिका के घर उतारा जाता देख किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद राशन को स्कूल पहुंचा दिया गया है।
खुटार के संविलियन कन्या स्कूल में मध्याह्न भोजन योजना के तहत मिलने वाला राशन बृहस्पतिवार को प्रधानाध्यापिका साबिरा बानो के घर उतारा जा रहा था। किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। सबिरा बानो ने बताया कि स्कूल के जिस कमरे में राशन रखा जाता है, उसकी छत टपकती है। राशन को भीगने से बचाने के लिए उन्होंने घर पर रखवा लिया था। लोगों के विरोध पर राशन स्कूल पहुंचा दिया गया है। बीईओ मृत्युंजय कुमार यादव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई है कि राशन प्रधानाध्यापिका के घर उतारा गया था। जांच की जाएगी। राशन घर पर रखे जाने का प्रावधान नहीं है। संवाद

