Shahjahanpur News: ओएमआर शीट पर होंगी कक्षा नौ से इंटर तक की परीक्षाएं
ओएमआर शीट पर होंगी कक्षा नौ से इंटर तक की परीक्षाएं
– डीआईओएस बोले- सरल एप के माध्यम से होगा मूल्यांकन, पारदर्शी रहेगी परीक्षा
शाहजहांपुर। माध्यमिक स्कूलों में अब कक्षा नौ से लेकर इंटर तक के विद्यार्थियों की परीक्षा ऑप्टिकल मार्क रीडर (ओएमआर) शीट पर कराई जाएगी। सरल एप के माध्यम से इसका मूल्यांकन होगा। एप के माध्यम से मूल्यांकन किए जाने में काफी कम समय लगेगा। यही नहीं इस एप की मदद से मूल्यांकन किए जाने से पूरी व्यवस्था पारदर्शी होगी।
विद्यार्थियों को रिजल्ट भी इसी की मदद से उपलब्ध कराया जाएगा। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद की ओर से ओएमआर शीट पर परीक्षाएं कराए जाने के आदेश जारी किए गए हैं। अभी परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जा रही है। अब नए शैक्षिक सत्र 2023-24 से इसका दायरा बढ़ाकर कक्षा नौ से इंटरमीडिएट तक किया जाएगा। नए शैक्षिक सत्र से माध्यमिक स्कूलों की रेटिंग भी की जाएगी। इस रेटिंग में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम भी शामिल है। ऐसे में इस व्यवस्था के लागू होने से स्कूलों की रेटिंग करना भी आसान होगा।
वार्षिक परीक्षा पुराने पैटर्न पर ही होगी
स्कूलों में वार्षिक परीक्षा अपने पुराने पैटर्न पर होंगी। वहीं यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं भी अपने प्रारूप पर ही कराई जाएंगी। परीक्षा के बाद शिक्षक ओएमआर शीट को सरल एप पर अपलोड करेंगे और फिर एप के माध्यम से परिणाम घोषित होगा।