Shahjahanpur News: सरकारी राशन गबन करने पर कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कलान का मामला, जांच में ग्रामीण के आरोपों की हुई पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। कलान तहसील के पूर्ति निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने ब्लॉक की ग्राम पंचायत औरंगाबाद के कोटेदार के विरुद्ध 30.99 क्विंटल गेहूं और 71.43 क्विंटल चावल गायब करने तथा उपभोक्ताओं का ई-पाॅस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने की शिकायतों की जांच की। इसके बाद धोखाधड़ी, सरकारी राशन गबन तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पूर्ति निरीक्षक ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत औरंगाबाद निवासी राधाकृष्ण आदि ने गांव के उचित दर विक्रेता जयवीर पर ई-पाॅस मशीन में अंगूठा लगवा लेने के बाद भी राशन नहीं देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर राशन विक्रेता की दुकान की जांच की गई। जांच में दुकान में कोई राशन मौके पर नहीं मिला। उसकी जगह घरेलू सामान रखा हुआ था। पता चला कि दुकान में कोटेदार के पुत्र का परिवार रहता है।
जांच के समय ग्राम पंचायत के दो दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं ने ई-पाॅस मशीन में अंगूठा लगवा लेने के बाद भी राशन न देने की पुष्टि की। कोटेदार से ई-पाॅस मशीन और अभिलेख मांगे जाने पर उपलब्ध नहीं कराए गए। 30.99 क्विंटल गेहूं और 71.43 क्विंटल चावल गायब पाया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तोमर ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोटेदार जयवीर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।