Shahjahanpur News: कान्हा की माखन चोरी का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर

प्रसंग सुनाते व्यास दीपक शास्त्री
– व्यास दीपक शास्त्री ने सुनाए कई प्रसंग, बड़ी संख्या में लोग कथा का श्रवण करने के लिए पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। फैक्टरी इस्टेट स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शुक्रवार को व्यास दीपक शास्त्री ने कान्हा के माखन चोरी करने का प्रसंग सुनाया।
उन्होंने कहा कि भगवान भाव के भूखे हैं, उन्हें अपवित्र भावना वाले लोग पसंद नहीं हैं। पवित्र भावना रखने वाले लोगों को प्रभु पसंद करते हैं और उसी को दर्शन का लाभ देते हैं। माखन चोरी की कथा सुनाते हुए कहा कि गोपियों की भावना परम पुनीत थी। वह केवल श्रीकृष्ण के बाल रूप के दर्शन करने यशोदा के पास जातीं थीं।
उनके बाल रूप के दर्शन ऋषि-मुनियों को भी आसानी से सुलभ नहीं होते। व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण, सुदामा की भक्ति और उसके परिणाम का प्रसंग भी सुनाया। इसको सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस मौके पर ओसीएफ के एजीएम एके वर्मा, कार्य प्रबंधक ऋषि बाबू, राजेश कंचन, कुलदीप दीपक, विजय मिश्रा, रंजीत खिलौरिया, राजेश वर्मा, राकेश वर्मा, दीपेंद्र वर्मा, मुकेश कुमार, अजय मिश्रा, पंकज भोजवाल, अर्चित खिलौरिया आदि मौजूद रहे।