Shahjahanpur News: मदुरै हादसे में बेहोश पुवायां की महिला अपने घर पहुंची

पुवायां में निजी डॉक्टर से इलाज करने पहुंची सुनीता देवी
पुवायां। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास जिस रेल कोच में आग लगने की घटना हुई, उसमें सवार पुवायां की सुनीता देवी धुएं और घुटन से बेहोश हो गईं थीं। सोमवार को हालत ठीक होने पर डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ से घर भेज दिया है।
मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी 55 वर्षीय सुनीता देवी भी 17 अगस्त को रामेश्वरम की यात्रा पर गईं थीं। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास जिस रेल कोच में आग लगने की घटना हुई, उसमें सुनीता देवी भी बैठी हुईं थीं। धुएं से दम घुटने से वह बेहोश हो गईं थीं। कोच में गिरने से उन्हें मामूली चोटें भी आईं थीं। इसके बाद उन्हें मदुरै के अस्पताल पहुंचाया गया था।
हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दिल्ली भेजा गया था। रविवार रात उन्हें लखनऊ भेजा गया। जानकारी मिलने पर सुनीता देवी के बेटे देवेंद्र सिंह ने भी लखनऊ पहुंचकर मां का हाल जाना। सोमवार को हालत ठीक होने पर डॉक्टर ने सुनीता देवी को उनके बेटे के साथ उन्हें घर भेज दिया। देवेंद्र सिंह ने बताया कि मां की हालत ठीक है। अस्पताल से छुट्टी होने के कारण घर ले आए हैं। अभी मां को बोलने में दिक्कत हो रही है। डॉक्टर ने बताया है कि धीरे-धीरे समस्या ठीक हो जाएगी। अगर कोई दिक्कत होती है तो फिर से लखनऊ ले जाकर इलाज कराएंगे। देवेंद्र सिंह ने बताया कि तमिलनाडु सरकार के अधिकारी उनको फोन कर मां का हालचाल पूछ रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में किसी अधिकारी ने मां का हाल जानने की जरूरत नहीं समझी है।