Shahjahanpur News: झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से यू-ट्यूबर की मौत

मृतक अर्चित का फाइल फोटो
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गांव लिलथरा निवासी अरविंद कुमार के 17 वर्षीय पुत्र अर्चित को बुखार आने पर गांव के झोलाछाप ने इंजेक्शन लगा दिया। कई घंटे उपचार करने के दौरान रात नौ बजे उसकी मौत हो गई।
अर्चित खेतीबाड़ी करने के साथ किराने की दुकान चलाता था। वह यू-ट्यूब पर अर्चित इंडियन 20 के नाम से चैनल भी चलाता था। रविवार को बुखार आने पर करीब दो बजे गांव में झोलाछाप की दुकान पर दवा लेने गया था। झोलाछाप कांट के गांव करमौली का रहने वाला है। अर्चित को उसने दुकान में भर्ती करते हुए उपचार शुरू कर दिया। उसके इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत और बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर भी उसे भर्ती रखा। रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अर्चित की मां राममिरैवा की एक साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।