Rampur News: बुखार के बढ़ रहे मरीज, 218 पहुंचे जिला अस्पताल
रामपुर। जिले में लगातार बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल से लेकर नर्सिंग होम, निजी क्लीनिक, अस्पतालों में बुखार के मरीज पहुंचे रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 218 बुखार के मरीज पहुंचे। बाल रोग विभाग में बुखार से पीड़ित 30 बच्चे पहुंचे। वहीं इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे में बुखार के 10 मरीज पहुंचे। इनमें डॉक्टरों ने आठ को भर्ती करते हुए उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने बीमारियों से बचाव की सलाह दी।
मंगलवार को सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज पहुंचने लगे थे। सुबह नौ बजे तक अस्पताल में मरीजाें की खासी भीड़ रही। सबसे ज्यादा लोग फिजीशियन कक्ष व बाल रोग विभाग के बाहर खड़े थे। फिजीशियन कक्ष में मरीजों का उपचार कर रहे डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि ओपीडी में उनके पास 215 मरीज पहुंचे थे। इनमें से 80 मरीज बुखार के पीड़ित थे। बाकी को पेट दर्द, सिर दर्द और अन्य समस्याएं थीं।
जनरल फिजीशियन डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि बुखार पीड़ितों में प्लेटलेट्स कम होने की शिकायत आ रही है। इनका इलाज डेंगू का संदिग्ध मानते हुए कर रहे हैं। बाल रोग के विशेषज्ञ डॉ. विजेंद्र गजराज ने बताया कि बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। इसलिए बच्चों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 1128 पर्चे बने।
खून की जांच को लेकर रही मारामारी
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में हर रोज मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। मंगलवार को 93 लोगों ने यहां अपने खून की जांच कराई। हालांकि रिपोर्ट में किसी को मलेरिया या डेंगू नहीं निकला। मरीजों की प्लेटलेट्स कम आईं।
ऐसे करें बचाव
– ठंडा पानी न पियें।
– बाहर का कुछ भी न खाएं।
– रात को मच्छरदानी में सोयें।
– घर के आसपास साफ-सफाई रखें।
– पानी का जमाव न होने दें।