Rampur News: स्वास्थ्य सेवाओं में रामपुर के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बेहतर
रामपुर।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सेहत सुधर रही है। गांव-गांव खोले गए इन सेंटरों पर सीएचसी यानी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी लोगों की बीमारियों की जांच व उपचार कर रहे हैं। शासन ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में प्रदेशभर के जिलों की रैंकिंग जारी की है। इसमें रामपुर तीसरे स्थान पर है।
जिले में खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। जिले में अब तक 219 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जा चुके हैं। इनमें एक-एक सीएचओ को तैनात किया गया है। इन सेंटर पर साधारण सर्दी-खांसी, बुखार आदि बीमारियों के इलाज के साथ टीबी की जांच व उपचार की सुविधा मरीजों को दी जाती है। इन सेंटरों पर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत को परखने के लिए बीते दिनों केंद्र से एक टीम आई थी, जिसने आठ बिंदुओं पर जिले में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की गुणवत्ता को परखा। यहां पर मरीजों को मिलने वाले उपचार के बारे में फीडबैक लेते हुए रिपोर्ट को भेजा था। इस आधार पर प्रदेश स्तर से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की रैंकिंग जारी की गई है, जिसमें रामपुर तीसरे स्थान पर आया है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में रामपुर को ओवरऑल 82.2 प्रतिशत अंक मिले हैं,जबकि पहले स्थान पर चित्रकूट और दूसरे स्थान पर शामली जिला है। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि हर तीन महीने में प्रदेश स्तर से रैंकिंग जारी होती है। अभी रामपुर तीसरे स्थान पर है। इसमें और सुधार करेंगे।
परम का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सर्वश्रेष्ठ
मिलक ब्लॉक के गांव परम में स्थापित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल हुआ है। परम के सेंटर ने 72 प्रतिशत अंक पाए हैं।
– हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के बेहतर क्रियान्वयन से अभी हम तीसरे नंबर पर पहुंचे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाते हुए पहला स्थान पाने की कोशिश में काम किए जा रहे हैं। अब मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। -नंद किशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी, रामपुर।