Shahjahanpur News: जलालाबाद-कांट हाईवे पर हादसे में बुजुर्ग की मौत
कांट। जलालाबाद-कांट हाईवे पर बुधवार रात किसी वाहन की टक्कर से बुजुर्ग घायल हो गया। उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। सुबह सूचना आने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसकी पहचान रामफल भारद्वाज (52) निवासी रघुनाथपुर थाना जलालाबाद के रूप में हुई है।
रामफल भारद्वाज करीब दो माह से जमौर स्थित सुनील कुमार की कबाड़ की दुकान में रहकर काम करते थे। कबाड़ व्यापारी सुनील ने बताया कि रामफल शराब का आदी था। बुधवार को रुपये लेकर घर जाने के लिए निकला था। देर रात किसी समय शाहजहांपुर-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर खाद फैक्टरी के सामने कोल्ड स्टोर के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने पर सड़क से हटाकर पटरी पर किसी ने लिटा दिया। सुबह तक उनकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पिपरौला चौकी इंचार्ज आरके रावत मौके पर पहुंचे। उन्हें सड़क पर काफी दूर तक गाड़ी के टायर रगड़ने के निशान मिले हैं। पुलिस को मृतक की जेब से एक शराब का पौव्वा, भांग का पाउच, डेढ़ सौ रुपये बरामद हुए हैं, पास में ही कुछ गंदे कपड़े पड़े थे।