Pilibhit News: सड़क निर्माण में घोटाले पर 1.60 लाख का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 01 Sep 2023 12:09 AM IST
बीसलपुर। बरेली मंडल के प्राविधिक परीक्षक ने गांव परसिया में बनाई गई सड़क के जांच में मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित लोगों पर 1.60 लाख का जुर्माना किया है। इनमें ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) का अवर अभियंता भी शामिल है।
गांव परसिया में पंचायत विभाग की ओर से कई माह पूर्व सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। गांव के निर्मेष भारती समेत कई ग्रामीणों ने बरेली मंडल के ग्राम्य विकास विभाग के प्राविधिक परीक्षक से सड़क निर्माण में घपले की शिकायत कर जांच कराने की मांग की थी। प्राविधिक परीक्षक ने तीन दिन पूर्व अपनी टीम के साथ गांव पहुंचकर सड़क की जांच की।
जांच में सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि सड़क घटिया सामग्री से बनाई गई है। इसमें 1.60 लाख लाख रुपये का दुरुपयोग होना पाया गया। उन्होंने इसके लिए चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। प्राविधिक परीक्षक ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी करन सिंह नबियाल पर 35564, ग्राम प्रधान प्रेमशंकर पर 35563, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अवर अभियंता सचिन कुमार पर 17763 और तकनीकी सहायक यशवीर पर भी 17763 रुपये का जुर्माना किया गया है।

