Pilibhit News: दुपट्टे के फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 01 Sep 2023 11:40 PM IST

टीम के साथ जांच करते इंस्पेक्टर रामसेवक । संवाद
पूरनपुर। घुंघचाई थाने के गांव अजीतपुर बिल्हा निवासी अनिल कुमार की पत्नी रीता देवी (36) का शव घर में दुपट्टा के फंदे से लटका मिला। मां मुन्नी ने हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस घरेलू कलह के चलते आत्महत्या करने की बात कह रही है। हालांकि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रीता का पति अनिल करीब 10 दिन पहले मजदूरी करने हरियाणा गया है। रीता की सास सुशीला देवी रक्षा बंधन पर खटीमा गईं थीं। घर में रीता के अलावा उसका सात वर्षीय पुत्र, तीन साल की बेटी और ससुर रामसनेही थे। शुक्रवार को घर में रखी सीढ़ी से दुपट्टे के फंदे के सहारे रीता का शव लटका मिला। सूचना पर रीता के मायके वाले पहुंच गए।
मां मुन्नी देवी ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने हत्या कर रीता का शव लटकाने का आरोप लगाया। घुंघचाई इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में घरेलू कलह के चलते रीता के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। रीता की मां की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

