Rampur News: मारपीट के बाद महिला को लेकर ससुराली गायब
रामपुर। गांव नरायनपुर में ससुरालियों ने विवाहित पारुल चौहान के साथ मारपीट की। शिकायत पर ससुरालीजन घायल महिला को लेकर गायब हो गए। महिला के भाई ने जान से मारने की आशंका व्यक्त करते हुए पति सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। बिजनौर जिले के धामपुर की रानीबाग कॉलोनी निवासी साजन चौहान ने बताया कि 14 साल पहले उसकी बहन पारुल चौहान ने टांडा क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी लवी कुमार उर्फ लोकपाल से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वे धामपुर की फूलबाग काॅलोनी में रहने लगे। आरोप है कि शादी के बाद लवी पारुल के साथ मारपीट करने लगा। वहीं 26 अगस्त को लवी और उसके भतीजे हरवीर ने पारुल को जान से मारने की नीयत से फिनाइल पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। 30 अगस्त को लवी व उसका भतीजा पारुल व उसके बच्चों को गाड़ी में डालकर नरायनपुर ले गए। आरोप है कि गांव में सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पारुल ने एक सितंबर को उन्हें इसकी जानकारी दी। इसके बाद पारुल ने फोन कर पुलिस से शिकायत की। वहीं जब वह गांव पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। गांव के लोगों से पता चला की पारुल व बच्चों को गाड़ी में लेकर उसके ससुराल के पक्ष के लोग कहीं चले गए है। उन्होंने मामले में पति लवी कुमार, उसका बड़ा भाई, भाभी संतोष, भतीजा हरवीर, भतीजी और महिपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।