Rampur News: बिलासपुर के मनिहारखेड़ा में तेंदुआ ने कुत्ते पर किया हमला
रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के उत्तराखंड सीमा से सटे मनिहारखेड़ा गांव में शनिवार सुबह तेंदुआ ने एक आवारा कुत्ते पर हमला कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला।
शनिवार सुबह मनिहारखेड़ा गांव के कुछ लोग जंगल में रहे थे। लोगों ने बताया कि गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने एक कुत्ते को पकड़ लिया। वहीं ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ कुत्ते को घायल हालत में छोड़कर भाग गया। तेंदुए के कुत्ते को पकड़े जाने की सूचना पर ग्रामीण दहशत में है। ग्रामीणों ने आरक्षित डंडिया वन के रेंजर अमित कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी। रेंजर के आदेश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम दिनभर मनिहारखेड़ा गांव के जंगल में तेंदुआ को पकड़ने के लिए कांबिंग करती रही, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। उधर, गांव चंदेन में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा रखा गया है।
तेंदुआ के डर से खेतों पर नहीं जा पा रहे ग्रामीण
गांव चंदेन, सीहोर, सिहोरा, हामीदनगर, मनिहारखेड़ा, टैमरा आदि के लोगों का कहना है कि दो सप्ताह से क्षेत्र में तेंदुआ व उसके दो शावकों का आतंक है। जिसकी वजह से किसान अपने खेतों पर काम करने नहीं जा पा रहे हैं।
आनंद नगर में भी तेंदुआ आने की अफवाह से मचा हड़कंप
नगर से सटे ग्राम नगरिया कला के मोहल्ला आनंद नगर में शुक्रवार रात करीब आठ बजे कुछ लोगों ने तेंदुआ आने की अफवाह तेजी से फैला दी। लोगों ने मोहल्ला स्थित एक स्कूल के समीप तेंदुआ को देखे जाने की बात कही। सूचना पर ग्राम प्रधान सविता देवी, भाजपा पिछड़ा वर्ग के पूर्व नगर अध्यक्ष चौधरी लोकेंद्र सिंह व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। मगर किसी को कुछ भी नहीं मिल सका। ग्राम प्रधान ने बताया कि कुछ लोगों ने तेंदुआ आने की भ्रामक अफवाह फैला दी गई थी, जिसकी वजह से मोहल्ले के लोग परेशान हो गए थे।
रेंजर ने की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील
आरक्षित डंडिया वन के वन क्षेत्र अधिकारी अमित कुमार सिंह ने नगर व क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वह लोग तेंदुआ संबंधी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि तेंदुआ संबंधी कोई भी सूचना हो तत्काल दे।
वीडियो वायरल कर फैलाई गई अफवाह
कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर बीते तीन दिन से एक वीडियो वायरल कर नगर के माटखेड़ा रोड स्थित एक धार्मिक स्थल के समीप एक तेंदुआ व उसके तीन शावकोें को देखे जाने का वीडियो वायरल किया गया है। यह वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ है। लोगों कहना है कि लोगों को इस तरह की वीडियो नहीं डालनी चाहिए। जबकि, रेंजर ने बताया कि यह वीडियो उनके क्षेत्र की नहीं है, बल्कि किसी अन्य जिले की वीडियो को कुछ लोगों ने गलत तरीके से स्थानीय सोशल मीडिया पर डालकर अफवाह फैलाई है।