Bareilly News: पालिका चेयरमैन पर अतिक्रमण करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sun, 03 Sep 2023 02:02 AM IST
फरीदपुर। नगर पालिका परिषद फरीदपुर के चेयरमैन शराफत जारी वाले के ऊपर नाले पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को फर्रखपुर निवासी आशू गुप्ता ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दी गई है।
तहसील पहुंचे शिकायतकर्ता ने बताया कि नगर पालिका के ऊपर कस्बा को अतिक्रमण मुक्त रखने की जिम्मेदारी है। दूसरी ओर खुद चेयरमैन ही अतिक्रमण कर रहे हैं। चेयरमैन का निजी मकान नाले की जगह पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। कागजों में यह जगह नाले के तौर पर दर्ज है। अतिक्रमण की वजह से मोहल्ले की जलनिकासी भी प्रभावित हो रही है।
गलियों में जलभराव की वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है। आशू गुप्ता ने मामले की जांच कराकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की। अधिकारियों ने पैमाइश कराने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में 43 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
मकान नाले की जमीन पर नहीं बना है। अतिक्रमण का आरोप गलत है। पूर्व में इसकी जांच भी हो चुकी है। – शराफत जरी वाले, चेयरमैन
तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। टीम सरकारी अभिलेखों से मिलान कर नाले की पैमाइश करेगी। नाले पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे नियमानुसार ध्वस्त कराया जाएगा। – निधि डोंडवाल, एसडीएम



