Pilibhit News: टेंपो चालक से स्टैंड ठेकेदार ने की मारपीट, एसपी से की शिकायत

एसपी कार्यालय पर पहुंचे बीसलपुर के वाहन चालक । संवाद
पीलीभीत। बीसलपुर में टैक्सी स्टैंड के ठेकेदार ने एक टेंंपो चालक की बेहरमी से पिटाई कर दी। चालकों ने मामले की शिकायत बीसलपुर कोतवाली में की, लेकिन पुलिस ने ठेकेदार का पक्ष लेकर कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को 30-40 टेंपों चालक एसपी अतुल कुमार के कार्यालय पहुंचे और मामले की शिकायत की। एसपी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
टेपों चालकों का कहना है कि ठेकेदार आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव बर्रामऊ निवासी सत्यप्रकाश बीसलपुर से बरखेड़ा तक ऑटो चलाते हैं। रविवार को वह बीसलपुर से सवारियां लेकर बरखेड़ा जा रहे थे। इसी दौरान विद्या मंदिर गेट के सामने ठेकेदार ने अपने अन्य साथियों की मदद से उन्हें रोक लिया और रसीद कटवाने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उनकी बेरहमी से पिटाई की।
मामले की अन्य टेपों चालकों को जानकारी हुई तो वे सत्यप्रकाश को लेकर कोतवाली पहुंचे। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उलटे ठेकेदार का पक्ष लेकर टेंपो चालकों को हड़काने लगी। इसके बाद सोमवार को 30-40 टेंपो चालक एसपी अतुल कुमार के पास पहुंचे और मामले की शिकायत की। चालकों का आरोप था कि बीसलपुर पुलिस ठेकेदार को संरक्षण दे रही है। शिकायत करने वालों में खेमकरन, सुनील कुमार, सत्य प्रकाश, राजवीर, रामलाल, मुरारी, राकेश कुमार, पिंटू, कुंवरसेन आदि शामिल रहे।