Rampur News: पीआरडी कर्मचारी की हत्या का खुलासा नहीं, महिलाओं समेत कई हिरासत में
रामपुर। दढ़ियाल क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी पीआरडी कर्मचारी की हत्या का खुलासा सोमवार को भी नहीं हो सका। हालांकि, सोमवार को पुलिस कई बार गांव पहुंची और उसने एक महिला सहित कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश के लिए भी घटनास्थल के आसपास के खेतों की खाक छानी, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका।
शनिवार रात नरायनपुर निवासी पीआरडी कर्मचारी की हत्या पुलिस के लिए पहेली बनती जा रही है। हालांकि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पीआरडी कर्मचारी से संबंध रखने वाली महिला और उसके जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिया हिरासत में भी लिया, लेकिन हत्या का खुलासा नहीं किया। इस दौरान पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद नहीं कर सकी। मामले में पुलिस रविवार शाम और सोमवार को दिन में कई बार गांव पहुंची। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के साथ ही मृतक और आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की। साथ ही गांव निवासी एक महिला और 4-5 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आस-पास के खेतों में हत्या में प्रयुक्त हथियार की भी खोजबीन की।
विदित है कि शनिवार की रात नरायनपुर निवासी स्वार कोतवाली में तैनात पीआरडी कर्मचारी महेश सिंह की हत्या गांव से करीब दो सौ मीटर की दुरी पर पीपली नायक के रास्ते पर कर दी थी। जिसकी रिपोर्ट टांडा कोतवाली में मृतक के पुत्र मोहित की और से गांव निवासी महिला लज्जावती और उसके जीजा दिनेश के खिलाफ कराई थी।