Rampur News: साथ-साथ बनीं पिता-पुत्र की कब्रें, नम हुईं आंखें
रामपुर। सैफनी क्षेत्र के गांव छितौनी में सोमवार रात को बारिश के कारण छत गिरने से नीचे दबकर अधिवक्ता जर्रार अहमद (35), और उनके बेटे इसरार (5) की मौत हो गई थी। उनकी पत्नी नाजुक बी और एक वर्षीय बेटी जुनैदा घायल हैं। मंगलवार को पिता-पुत्र को सुपुर्दे खाक किया गया तो गांव वालों की आंखें नम हो गईं। पिता-पुत्र की साथ-साथ बनीं कब्रों को देखकर लोग फफक पड़े। सोमवार रात हुए हादसे में घायल होने के बाद अधिवक्ता की पत्नी नाजुक बी को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें पति और बेटे की मौत की जानकारी भी नहीं दी गई थी। वहीं बच्ची जुनैदा को हल्की चोट होने के कारण पजिरन घर लेकर चले गए थे। मंगलवार दोपहर को जब अधिवक्ता और उनके बेटे का शव गांव पहुंचा भीड़ उमड़ पड़ी।
वहीं घायल अवस्था में ही अधिवक्ता की पत्नी नाजुक बी को अस्पताल से बुला लिया गया। घर पहुंचकर जब पति और और बेटे का जनाजा देखा तो नाजुक बेहोश हो गईं। सभी की आंखें नम हो गईं। इसके बाद पिता-पुत्र के जनाजे कब्रिस्तान पहुंचे तो उनकी कब्रें साथ-साथ बनाई गईं। नम आंखों से पिता-पुत्र को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। बारिश ने हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया। अधिवक्ता की मां इमामन बेटे-और पोते को यादकर बेसुध हो रही थीं।
अधिवक्ता के निधन पर मौन रखकर जताया शोक
शाहबाद। हापुड़ प्रकरण को लेकर अधिवक्ता धरने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान अधिवक्ता साथी की मौत की खबर सुनकर अधिवक्ताओं ने सभी तय कार्यक्रम रद कर दिए। सभी ने अधिवक्ता की मौत पर शोक जताया। बारिश के कारण सोमवार रात को कच्ची छत गिरने से अधिवक्ता और उनके बेटे की मौत हो गई थी। मंगलवार को तहसील परिसर में बार एसोसिएशन के पदाधिकरियों और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने अधिवक्ता की मौत पर शोक जताया। इसके बाद दो मिनट का मौन धारण किया गया। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार, सीओ केएन आंनद, कोतवाल अनुपम शर्मा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तकरीर्रहमान, उपाध्यक्ष मासूम मियां, पूर्व महासचिव आनंद पाल सिंह, मुनेश कुमार यादव, ओम प्रकाश शर्मा, नन्हे सिंह, आसिम खान, रेहान खान, जसवंत सिंह आदि मौजूद रहे।
0000000000000000
परिवार को आवास के साथ मिलेंगे आठ लाख रुपये
छत गिरने से दबकर अधिवक्ता और उनके बेटे की मौत के बाद पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को कुल आठ लाख रुपये दिए जाएंगे। मुआवजा दिलाने के लिए सभी अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। हल्का लेखपाल रिपोर्ट लगाकर जल्द अभिलेख प्रस्तुत करेंगे। उसके बाद उन्हें मुआवजा मिलेगा। साथ ही पीड़ित परिवार को आवास भी दिलवाया जाएगा।