Rampur News: कान्हा की ड्रेस व पालना की खूब हुई खरीदारी
रामपुर। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी छह व सात सितंबर को मनाई जाएगी। इसको लेकर लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। जिले भर के बाजारों में कान्हा की ड्रेस एवं कान्हा की मूर्तियां सजी हुई हैं। बाजार में लोग उत्साह के साथ कान्हा की ड्रेस और पालना खरीद रहे हैं। मंदिरों में भी विशेष रूप से तैयारियां हुई हैं।
ज्योतिषाचार्य नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भाद्रपद शुक्ल पक्ष अष्टमी तिथि को भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। बुधवार को रात में 7.57 मिनट के बाद अष्टमी लग जाएगी। रोहिणी नक्षत्र भी दिन में 2.39 बजे आरंभ हो जाएगा। इसलिए अर्धरात्रि में अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का एक साथ संयोग मिल जाने के कारण जयंती योग में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव व्रत विशेष फलदायक है। अष्टमी तिथि का समापन सात सितंबर को होगा। इसलिए दो दिन जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा।
इधर, जन्माष्टमी पर्व को लेकर लोगों में खास उत्साह है। श्रद्धालु इस दिन व्रत रखते हैं तो इसके लिए घरों में अभी से मिष्ठान एवं पकवान बनाने की तैयारी शुरू हो गई हैं। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा तो इसे लेकर सजावट का काम शुरू हो गया है। मंदिर में झूले लगाए जा रहे हैं, वहीं लाइटिंग की गई है। बुधवार को शहर में ज्वालानगर, मिस्टनगंज और पुराना गंज की ओर कान्हा की ड्रेस खरीदने के लिए लोगों की भीड़ रही। उत्साह के साथ लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। गिफ्ट गैलरियों में कान्हा की मोतियों वाली ड्रेस और आकर्षक पालनों ने लोगों को खूब लुभाया।